बेसहारा बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य की विशेष पहल,
बैतूल में 59 बच्चों की फीस और परवरिश की जिम्मेदारी निभा रहा विजय सेवा न्यास

बैतूल में 59 बच्चों की फीस और परवरिश की जिम्मेदारी निभा रहा विजय सेवा न्यास
बैतूल। बेसहारा बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए कार्यरत विजय सेवा न्यास ने शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में 59 बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए उनकी स्कूल फीस और अन्य सहायता राशि वितरित की। रामकृष्ण की बगिया में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खण्डेलवाल की स्मृति में संचालित न्यास द्वारा जिले के 14 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों को करीब 8 लाख रुपए की फीस राशि के चेक सौंपे गए।
वीडियो
न्यास वर्तमान में 59 बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च वहन कर रहा है। प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक सामग्री के लिए 2 हजार रुपए तथा उनकी देखभाल कर रहे परिजनों को प्रतिवर्ष 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। कार्यक्रम में विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल फीस भरना नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डीडी उइके सहित जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ भोजन भी किया। वर्ष 2025 में 41 बच्चों से शुरू हुई यह पहल अब 59 बच्चों तक पहुंच चुकी है। विजय सेवा न्यास शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, रोजगार, नारी सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।



